Skip to main content
Home › Agriculture › उपायुक्त की अध्यक्षता में खेत बचाओ अभियान सह कृषक वैज्ञानिक अंतरमिलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन
LateharAgricultureJharkhand News Desk

उपायुक्त की अध्यक्षता में खेत बचाओ अभियान सह कृषक वैज्ञानिक अंतरमिलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन

उपायुक्त की अध्यक्षता में खेत बचाओ अभियान सह कृषक वैज्ञानिक अंतरमिलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन

किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने एवं मृदा संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर दिया गया जोर

लातेहार:  उपायुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में आज मत्स्य हेचरी सभागार, लातेहार में खेत बचाओ अभियान सह कृषक वैज्ञानिक अंतरमिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि की आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों से अवगत कराना, खेतों की उर्वरता बनाए रखने तथा कृषि कार्यों में वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त श्री संदीप कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती पूनम देवी, उपस्थित अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के बीच संवाद स्थापित कर कृषि से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर खेतों की गुणवत्ता एवं उर्वरता बनाए रखने, मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक के उपयोग तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने के महत्व पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने किसानों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नवीन तकनीकों एवं वैज्ञानिक सुझावों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देना और उन्हें व्यवहार में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त महोदय के द्वारा किसानों के बीच सरसों बीज का वितरण किया गया। इसके माध्यम से किसानों को तिलहनी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने की दिशा में पहल की गई कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों तक वैज्ञानिक कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाना, फसल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कृषि से जुड़ी समस्याओं एवं अनुभवों को साझा किया। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान तथा बेहतर कृषि प्रबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं सुझाव दिए गए।

इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच समन्वय स्थापित कर कृषि क्षेत्र को अधिक उत्पादक, टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

कार्यक्रम में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला कृषि पदाधिकारी श्रीमती अनीमा लकड़ा, कृषि विज्ञान केंद्र, बालूमाथ के वरीय वैज्ञानिक डॉ. राजीव रंजन, जिला मत्स्य पदाधिकारी श्री मधु लकड़ा, सहायक मिट्टी रसायन विशेषज्ञ डॉ. मुक्ता रानी, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुषमा परधिया, जिला गव्य विकास पदाधिकारी श्री हरे कृष्ण, डीडीएम, नाबार्ड, एलडीएम, लातेहार तथा उप परियोजना निदेशक, आत्मा श्री कंचन कुमार सुमन सहित कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this article