Skip to main content
Home › Administration › उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक आयोजित जिस में विभिन्न विभागों के राजस्व में तेजी लाने का दिया निर्देश
LohardagaAdministrationJharkhand News Desk

उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक आयोजित जिस में विभिन्न विभागों के राजस्व में तेजी लाने का दिया निर्देश

उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक आयोजित जिस में विभिन्न विभागों के राजस्व में तेजी लाने का दिया निर्देश

लोहरदगा: उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के सितंबर माह के राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने खनन, परिवहन, विद्युत एवं उत्पाद विभाग को छापेमारी और दंड वसूली की कार्रवाई तेज करने का सख्त निर्देश दिया।

अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जाए। ऐसी गतिविधियों की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विद्युत प्रमंडल को बकायेदारों से लंबित बिजली बिल की वसूली तथा बिजली चोरी के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, उत्पाद अधीक्षक को अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाने को कहा गया।

सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन

उपायुक्त ने जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी अंचल अधिकारियों को सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए आमजनों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में म्यूटेशन, ऑफलाइन नामांतरण, भूमि सीमांकन, भूमि स्वामित्व प्रमाण-पत्र (LPC), लोक भूमि अतिक्रमण, परिशोधन पोर्टल पर लंबित मामलों तथा विभिन्न विभागों द्वारा अधियाचित भूमि से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी एवं सभी अंचल अधिकारियों को निर्धारित दिवस पर अपने न्यायालय में राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आपदा प्रभावित परिवारों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें

उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को आपदा से प्रभावित मामलों से संबंधित अभिलेख तैयार कर शीघ्र अपर समाहर्ता कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित परिवारों के आश्रितों को नियमानुसार सहायता राशि का भुगतान जल्द किया जा सके।

बैठक में अपर समाहर्ता के प्रभार में परियोजना निदेशक, आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता अंगारनाथ स्वर्णकार, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Share this article