स्थापना पखवाड़ा पर उत्कृष्ट पीडीएस दुकानदार सम्मानित, आपदा प्रभावित परिवारों के बीच बांटे गए करीब 16 लाख रुपये के चेक

सिमडेगा।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं स्थापना पखवाड़ा के अवसर पर नगर भवन सिमडेगा में खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक भूषण बाड़ा ने पीडीएस दुकानदारों को सम्मानित किया। वहीं विभिन्न आपदाओं से प्रभावित परिवारों के बीच करीब 16 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि झारखंड केवल एक राज्य नहीं बल्कि हमारी भाषा, संस्कृति, पहचान और मान-सम्मान का प्रतीक है। लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद अलग राज्य का सपना साकार हुआ। राज्य स्थापना दिवस हमें अपने महापुरुषों और आंदोलनकारियों के संघर्ष को याद करने के साथ झारखंड के विकास का संकल्प लेने का अवसर देता है। हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार गरीबों, किसानों, बेरोजगारों, छोटे व्यवसायियों और जरूरतमंद परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि संकट के समय पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना भी जरूरी है। आपदा किसी को बताकर नहीं आती। ऐसे समय में प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मुआवजा वितरण की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की अपील की, ताकि पीड़ित परिवारों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार ने सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्ति के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाने का निर्णय लिया है। साथ ही मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए मृतक के गृह जिले के उपायुक्त को सत्यापन कर सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कई मामलों में मुआवजे की राशि वर्तमान जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। विशेषकर पशुधन की मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि में बढ़ोतरी की जरूरत है। बकरी की मृत्यु पर मिलने वाले चार हजार रुपये को कम बताते हुए उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए पशुधन ही आजीविका का बड़ा सहारा होता है। वे इस मामले को विधानसभा में उठाकर मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग करेंगे। सड़क दुर्घटना में मिलने वाली सहायता राशि की भी समीक्षा कर बढ़ोतरी की मांग की जाएगी।विधायक ने कहा कि आपदा के समय केवल सरकार और प्रशासन ही नहीं बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि लोगों को जागरूक करें और पीड़ित परिवारों की मदद करें। सहायता की घोषणा तभी सार्थक होगी, जब उसका लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचेगा।

सर्पदंश और वज्रपात से बचाव के लिए किया जागरूक
विधायक ने सर्पदंश की घटनाओं पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय जमीन पर सोने से सांप काटने की आशंका रहती है। इसलिए संभव हो तो खटिया या ऊंचे बिस्तर पर सोएं। सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक में समय बर्बाद करने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचें और चिकित्सकीय उपचार कराएं। वज्रपात से बचाव के लिए बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और बिजली चमकने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी। चरवाहों से भी खुले मैदान में मवेशियों के साथ रहने से बचने की अपील की। उन्होंने नदी-नालों में पानी का तेज बहाव होने पर पार नहीं करने तथा बच्चों को जोखिम वाले स्थानों से दूर रखने की बात कही। सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।मौके पर एसी गिरिजा शंकर महतो, एसडीओ सुमंत तिर्की, एनडीसी नरेश रजक, सीओ इम्तियाज अहमद, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, कोलेबिरा विधायक प्रतिनिधि मो समी आलम, अक्षण खान, डॉ. इम्तियाज हुसैन, साबिर खान, रतन केसरी, तनवीर खान, बजरंग गोयल सहित अन्य उपस्थित थे।