Skip to main content
Home › Tribal › उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जिले में चल रहे एसआईआर-2026 कार्यक्रम की समीक्षा की, ससमय एवं त्रुटिरहित कार्य निष्पादन का दिया निर्देश
LohardagaTribalJharkhand News Desk

उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जिले में चल रहे एसआईआर-2026 कार्यक्रम की समीक्षा की, ससमय एवं त्रुटिरहित कार्य निष्पादन का दिया निर्देश

उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जिले में चल रहे एसआईआर-2026 कार्यक्रम की समीक्षा की, ससमय एवं त्रुटिरहित कार्य निष्पादन का दिया निर्देश

बैठक में उन्होंने एसआईआर से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी गंभीरता, तत्परता एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न करने का निर्देश दिया।

लोहरदगा:   उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने आज जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने एसआईआर से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी गंभीरता, तत्परता एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान एसआईआर के तहत अब तक हुई प्रगति की प्रखंडवार समीक्षा की गई तथा कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नोटिस, सुनवाई एवं सत्यापन से संबंधित कार्यों के साथ-साथ नए मतदाताओं से प्राप्त प्रपत्र-6 एवं अन्य प्रपत्रों तथा उनके निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है। अतः सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी गंभीरता और समयबद्धता के साथ संपन्न करें।

उन्होंने सभी मतदान केन्द्रों पर आगामी 4 नवंबर को बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित प्रत्येक प्रक्रिया में आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक भूलवश भी मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रह जाए। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने से संबंधित प्रक्रियाओं को नियमानुसार पूर्ण करें।

उन्होंने आगामी 1 नवंबर से 12 नवंबर 2026 तक संचालित होने वाले घर-घर भ्रमण कार्यक्रम (होम-टू-रोल विजिट) के क्रियान्वयन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने प्रत्येक मतदान केंद्र का नजरी नक्शा, गूगल मैप, टर्निंग पॉइंट्स तथा अन्य भौगोलिक विवरणों को अद्यतन करने का निर्देश दिया, ताकि इनसे संबंधित सभी प्रविष्टियां सटीक एवं त्रुटिरहित रहें। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए एसआईआर-2026 संबंधित कार्यों को सफलतापूर्वक संपन्न करने का निर्देश दिया।

बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार सहित सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share this article