परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचना एवं अफवाहों पर रोक लगाने के लिए गठित होगा साइबर सेल, गुमला जिला सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग करेगा संचालन
गुमला: झारखण्ड अधिविद्य परिषद्, राँची द्वारा दिनांक 01 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली झारखण्ड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 (श्रज्म्ज्-2026) के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर आज उपायुक्त दिलेश्वर महतो एवं पुलिस अधीक्षक हारिस बिन ज़मा ने संयुक्त रूप से गुमला जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी गुमला अखिलेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गुमला सुरेश प्रसाद यादव, जिला शिक्षा अधीक्षक गुमला नूर आलम खां सहित अन्य सम्बंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहें। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सीसीटीवी कैमरों, नियंत्रण कक्ष, बैठक व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों का स्थल पर जाकर जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय के प्रिंसिपलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में उर्सलाइन बालिका उच्च विद्यालय, गुमला; संत अन्ना उच्च विद्यालय, पुग्गू; संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय, गुमला; डॉन बॉस्को स्कूल, गुमला; संत पैट्रिक उच्च विद्यालय, गुमला सहित अन्य परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों का कोण निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, प्रत्येक परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों की बैठक योजना व्यवस्थित करने तथा नियंत्रण कक्ष से निगरानी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी परीक्षा केन्द्रों तक परीक्षा संचालन से संबंधित नवीनतम दिशा-निर्देश एवं आवश्यक बदलावों की जानकारी पहुंचाने को भी कहा, ताकि सभी केन्द्रों पर एकरूपता के साथ तैयारियां पूरी की जा सकें।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, अभ्यर्थियों की नियमानुसार सघन तलाशी सुनिश्चित करने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिया। साथ ही, बिजली की निर्बाध आपूर्ति, वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था, पावर बैकअप एवं जनरेटर के लिए पर्याप्त ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
11 परीक्षा केन्द्रों पर 8,061 अभ्यर्थी होंगे शामिल
उल्लेखनीय है कि झारखण्ड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन रविवार, 01 नवंबर 2026 को जिले के चिह्नित कुल 11 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा में कुल 8,061 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
प्रथम पाली पूर्वाह्न 9रू30 बजे से दोपहर 12रू00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें कक्षा 6 से 8 के लिए कुल 4,822 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं, द्वितीय पाली अपराह्न 2रू00 बजे से 4रू30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें कक्षा 1 से 5 के लिए कुल 3,239 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश एवं तलाशी को लेकर सख्त निर्देश
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए निर्धारित समय-सीमा एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का अनुपालन अनिवार्य किया गया है। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारम्भ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करा लिया जाएगा। परीक्षा प्रारम्भ होने से 30 मिनट पूर्व केन्द्र का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी की होगी। प्रवेश द्वार बंद होने के बाद तथा परीक्षा प्रारम्भ होने पर किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा केन्द्रों में प्रशासनिक अधिकारियों एवं परीक्षा प्रक्रिया से सीधे तौर पर जुड़े कर्मियों के अतिरिक्त किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। मीडिया एवं प्रेस कर्मियों के प्रवेश पर भी निर्धारित प्रतिबंध लागू रहेंगे।
परीक्षा से संबंधित अफवाहों पर रोक के लिए साइबर सेल का गठन
परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, गुमला द्वारा परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों एवं साइबर गतिविधियों की निगरानी के लिए साइबर सेल गठित किया जाएगा। इस साइबर सेल का संचालन जिला सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, गुमला द्वारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य परीक्षा से संबंधित भ्रामक खबरों एवं अफवाहों की निगरानी करना, प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कराना तथा संबंधित मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए सक्षम पदाधिकारियों तक पहुंचाना होगा।
परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, फर्जी प्रश्नपत्र, गलत परीक्षा कार्यक्रम, अनुचित दावे अथवा अफवाहों को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करने से बचें। नागरिक किसी भी सूचना पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। ऐसी किसी भी संदिग्ध सूचना अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन के साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने, भ्रामक सूचना फैलाने अथवा साइबर अपराध के माध्यम से अव्यवस्था उत्पन्न करने के मामलों में तथ्यों एवं लागू कानूनों के अनुरूप संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन द्वारा तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
जिला प्रशासन, गुमला ने जिले के सभी नागरिकों, अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग करें, आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा किसी भी अफवाह को फैलाने से बचें। सतर्क नागरिक बनकर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई जा सके।