Jharkhand के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य की प्राकृतिक और खनिज संपदाओं की महत्ता को उजागर किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति व परंपराएं इस राज्य को विशिष्ट पहचान देती हैं। मुख्यमंत्री ने झारखंड के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी सराहा और बताया कि खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफार्म दिया जा रहा है। राज्य की कई प्रमुख महिला हॉकी खिलाड़ियों और क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी तथा आर्चरी स्टार दीपिका कुमारी का उल्लेख कर उन्होंने खेल क्षेत्र में झारखंड की ताकत पर जोर दिया।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे सुधार
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकारी विद्यालयों को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में अपग्रेड किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को प्राइवेट स्कूलों के स्तर की शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए ‘गुरुजी क्रेडिट कार्ड स्कीम’ के तहत बिना गारंटी 15 लाख रुपये तक का ऋण दिया जा रहा है ताकि आर्थिक कारणों से किसी की पढ़ाई बाधित न हो। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी प्रगति हुई है, जहां 10 मेडिकल कॉलेजों का संचालन राज्य सरकार कर रही है तथा कई प्राइवेट मेडिकल कॉलेज भी सक्रिय हैं। इसके साथ ही पॉलिटेक्निक कॉलेजों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
उद्योग, रोजगार और आर्थिक संभावनाएं
उद्योग क्षेत्र पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में टाटा, एचईसी, स्टील और फर्टिलाइजर जैसे बड़े उद्योग स्थापित हैं। राज्य ने निवेशकों के लिए बेहतर नीति बनाई है, जिससे कई बड़े निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं। उन्होंने विश्व आर्थिक मंच में झारखंड की उपस्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में इससे राज्य को आर्थिक लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने झरिया की अंडरग्राउंड फायर जैसी चुनौतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था में खनिज संसाधन और रेलवे से बड़ी योगदान मिल रहा है। साथ ही झारखंड तसर, सिल्क, लाह और महुआ जैसे वन उत्पादों का प्रमुख उत्पादक है, जिनके लिए फेडरेशन एवं प्रोसेसिंग सेंटर बनाए जा रहे हैं।
सामाजिक विकास, ग्रामीण क्षेत्र और जनजातीय समुदायों का सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, पशुपालन और पशु उत्पादों को बढ़ावा दे रही है ताकि ग्रामीणों को पौष्टिक भोजन और आय के नए स्रोत मिल सकें। ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के साथ-साथ नक्सलियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में काम चल रहा है। उन्होंने जनजातीय समुदाय की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत लगभग 53 लाख महिलाओं को वित्तीय सहायता दी जा रही है। आंगनबाड़ी पोषण योजनाओं से बच्चों में कुपोषण कम हो रहा है। साथ ही सर्वजन पेंशन योजना के माध्यम से सभी पात्र वर्गों को पेंशन प्रदान की जा रही है, जिससे राज्य का सामाजिक सुरक्षा तंत्र मजबूत हो रहा है।

